बोकारो
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को कहा कि झारखण्ड की खनिज संपदा से पूरे देश की अर्थव्यवस्था को गति मिलती है, लेकिन इस संपदा के वास्तविक संरक्षक आदिवासी समाज आज भी शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से पिछड़े हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को अपने अधिकारों और हक-हिस्सेदारी के लिए संगठित होना होगा तथा शिक्षा को सामाजिक और आर्थिक बदलाव का सबसे मजबूत माध्यम बनाना होगा।
हेमन्त सोरेन बोकारो जिले के ललपनिया में आयोजित तीन दिवसीय ‘लुगूबुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन-2026’ के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखण्ड में बड़े पैमाने पर खनिजों का खनन हो रहा है और आदिवासियों की जमीन खोदी जा रही है, लेकिन खनिज संपदा में आदिवासी समाज की भी हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा से समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव आएगा। आदिवासी युवाओं को शिक्षित और जागरूक बनाना जरूरी है, ताकि वे अपने समाज और राज्य के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने लोगों से अपने संवैधानिक और सामाजिक अधिकारों को समझने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
लुगूबुरु को राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र बनाने की योजना
मुख्यमंत्री ने लुगूबुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ को देश के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन केंद्रों में विकसित करने की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। यहां एक संग्रहालय का निर्माण भी कराया जाएगा, ताकि आदिवासी समाज की ऐतिहासिक विरासत, पारंपरिक जीवनशैली, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित किया जा सके। इससे नई पीढ़ी अपने पूर्वजों की परंपराओं और ऐतिहासिक योगदान को जान और समझ सकेगी।

उन्होंने कहा कि लुगूबुरु में हर वर्ष आयोजित होने वाले महोत्सव को और बेहतर बनाने के साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। राज्य सरकार इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल के विकास के लिए आगे भी विभिन्न कार्य करेगी।
लुगूबुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ संताल समुदाय के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्रों में से एक है। बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड स्थित लुगू पहाड़ की तलहटी में बसे इस तीर्थस्थल को संताल समाज अपनी आस्था, प्रकृति-आधारित धार्मिक परंपराओं और सामुदायिक इतिहास का जीवंत प्रतीक मानता है। संताल समुदाय के लोग लुगू बाबा को अपने आराध्य और धार्मिक गुरु के रूप में पूजते हैं। ‘लुगू’ का अर्थ पूजनीय देवता और ‘बुरु’ का अर्थ पहाड़ माना जाता है। यहां कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं।
इस स्थल का महत्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है। संताल समाज की मान्यता के अनुसार, लुगू बाबा की अध्यक्षता में पूर्वजों ने लुगूबुरु की तलहटी में स्थित दरबार चट्टानी पर लंबे समय तक विचार-विमर्श कर समाज की सामाजिक व्यवस्था, रीति-रिवाजों और जन्म से मृत्यु तक के संस्कारों से जुड़े नियम निर्धारित किए थे। इस परंपरा को संताल समाज की सामुदायिक व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान के महत्वपूर्ण आधार के रूप में देखा जाता है। यहां आयोजित अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन में धर्म, भाषा, साहित्य, संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा होती है। इस तरह लुगूबुरु एक तीर्थस्थल के साथ संताल समाज की सांस्कृतिक स्मृति और पारंपरिक ज्ञान का भी केंद्र है। The Indian Tribal की 2025 की विशेष रिपोर्ट और 2022 का लुगूबुरु पर प्रकाशित विशेष आलेख में इस विरासत का विस्तार से दस्तावेजीकरण किया गया है।
लुगू पहाड़ का प्राकृतिक और पर्यावरणीय महत्व भी इसकी धार्मिक पहचान से जुड़ा है। पहाड़ की चोटी पर स्थित लुगू बाबा की गुफा तक पहुंचने के लिए दरबार चट्टानी से लगभग सात किलोमीटर का दुर्गम रास्ता तय करना पड़ता है। पहाड़, जंगल, झरने और आसपास का प्राकृतिक परिवेश इस क्षेत्र को विशिष्ट बनाते हैं।
संताल समुदाय की धार्मिक आस्था और स्थानीय पर्यावरण के बीच गहरे संबंध को देखते हुए लुगू पहाड़ पर प्रस्तावित दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) की पंप्ड स्टोरेज जलविद्युत परियोजना का स्थानीय आदिवासी समुदाय ने विरोध किया था। नवंबर 2023 में झारखण्ड जनजातीय परामर्शदातृ परिषद (टीएसी) ने इस परियोजना को लुगू पहाड़ की धार्मिक विरासत के संरक्षण के मद्देनजर आगे नहीं बढ़ने देने का निर्णय लिया था। यह प्रसंग इस बात को रेखांकित करता है कि इस क्षेत्र का विकास उसकी धार्मिक और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के साथ ही होना चाहिए। The Indian Tribal की 2023 की रिपोर्ट।
सरना धर्म कोड के लिए प्रयास जारी
मुख्यमंत्री ने सरना धर्म कोड के मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार इसके लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया चल रही है और आगामी जनगणना की तैयारियां भी महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में आदिवासी समाज के लोगों को इन प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक और सतर्क रहने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महोत्सव के दौरान उनके दिवंगत पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और माता रूपी सोरेन की स्मृति में तीन दिनों तक खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जा रहा है।
इससे पहले ललपनिया हेलीपैड पहुंचने पर मुख्यमंत्री को स्थानीय प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। तीन दिवसीय महोत्सव 22 से 24 नवंबर तक आयोजित किया गया। इसमें पारंपरिक संताल गीत-संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहीं। देश के विभिन्न राज्यों के साथ नेपाल सहित अन्य क्षेत्रों से भी संताल समुदाय के प्रतिनिधि और श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, आवास, प्रकाश और सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की थीं।

















