रांची
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रविवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों, अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के उनके संघर्ष को याद किया। इस अवसर पर राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थापना दिवस के मौके पर स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए रांची सहित सभी 24 जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ का आयोजन भी किया गया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ सबसे पहले रांची के कोकर स्थित बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पहुंचे और पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने बिरसा चौक पहुंचकर धरती आबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस का अवसर पूरे देश, विशेषकर आदिवासी समाज और झारखंडवासियों के लिए गौरव एवं ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने कहा, “धरती आबा ने अपने साहस, संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश को नई दिशा और प्रेरणा दी।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ आदिवासी समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका अदम्य साहस, त्याग और बलिदान झारखंड के गौरव तथा स्वाभिमान का प्रतीक है। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

हेमन्त सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार धरती आबा के सपनों और आदर्शों के अनुरूप झारखंड को समृद्ध, सशक्त और विकसित राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य की आदिवासी संस्कृति, परंपराएं, भाषाएं और प्राकृतिक संसाधन उसकी विशिष्ट पहचान हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के साथ गरीब, वंचित, आदिवासी और मूलवासी समुदायों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच X पर भी झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर को राज्य के गौरवशाली इतिहास, आदिवासी संघर्ष और झारखंड की पहचान से जोड़ते हुए राज्यवासियों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
इस बीच, स्थापना दिवस के अवसर पर स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य के सभी 24 जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ आयोजित की गई। रांची में दौड़ की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुई। प्रतिभागियों ने अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ लगाकर स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर झारखंड का संदेश दिया।

कार्यक्रम को वित्त, वाणिज्यकर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास तथा उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और रांची विधायक सीपी सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता को केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी मानने के बजाय प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व बताया। कार्यक्रम के तहत रांची के चडरी तालाब स्थित छठ घाट पर सफाई अभियान भी चलाया गया। मंत्रियों और राज्यसभा सांसद ने श्रमदान कर जलस्रोतों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
दौड़ के समापन पर पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में कुंदन महतो ने पहला, विवेकानंद ने दूसरा और विमल उरांव ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में पूजा सिंह प्रथम, ममता कुमारी द्वितीय और सावित्री कुमारी तृतीय रहीं।

बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य स्थापना दिवस का एक साथ पड़ना झारखंड के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड देश का 28वां राज्य बना था। इससे पहले आदिवासी स्वशासन, भूमि अधिकार और सांस्कृतिक पहचान की मांग को लेकर चले लंबे संघर्ष ने राज्य निर्माण की पृष्ठभूमि तैयार की थी। बिरसा मुंडा का उलगुलान इसी ऐतिहासिक चेतना का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
















