रांची
इतिहास केवल अतीत की घटनाओं का संकलन नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक स्मृति, संघर्ष-चेतना और अस्मिता का जीवंत दस्तावेज होता है। किसी राष्ट्र की ऐतिहासिक पहचान उसके शासकों, साम्राज्यों और राजनीतिक घटनाओं से ही निर्मित नहीं होती, वरन् उन असंख्य जनसमुदायों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से भी निर्मित होती है, जिन्होंने अपनी परंपरा, संस्कृति, स्वाधीनता, जल-जंगल-जमीन, मानवीय गरिमा और विश्व बंधुत्व की भावना की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
भारतीय इतिहास की इसी व्यापक परंपरा में आदिवासी समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। विडंबना यह है कि इस योगदान का बड़ा हिस्सा आज भी इतिहास के पन्नों से गायब है। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में अनेक आदिवासी नायक-नायिकाओं ने औपनिवेशिक सत्ता, सामंती शोषण, महाजनी सभ्यता और सामाजिक अन्याय के विरुद्ध अनवरत संघर्ष किया। उनके आंदोलन केवल राजनीतिक सत्ता के विरोध तक सीमित नहीं थे, बल्कि वे जल, जंगल, जमीन, सांस्कृतिक अस्मिता, सामुदायिक स्वायत्तता और पारंपरिक जीवन मूल्यों की रक्षा के आंदोलन भी थे।
इसके बावजूद, इतिहास की मुख्यधारा में कुछ चुनिंदा नामों को छोड़कर अनेक संघर्षशील व्यक्तित्व विस्मृति के अंधकार में खो गए। ऐसे में इतिहास के इन विस्मृत अध्यायों की पुनर्पहचान करना समय की ऐतिहासिक, सामाजिक और अकादमिक आवश्यकता है।
झारखंड की धरती आदिवासी प्रतिरोध और बलिदान की गौरवशाली परंपरा की साक्षी रही है। इस परंपरा में अनेक ऐसे नायक-नायिकाएं हैं, जिनके योगदान को व्यापक ऐतिहासिक पहचान मिलनी चाहिए। भारत में औपनिवेशिक शासन के विस्तार के साथ आदिवासी क्षेत्रों की पारंपरिक, सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था पर गहरा प्रभाव पड़ा।
अंग्रेजी शासन की भूमि नीतियों, वन कानूनों, जमींदारी व्यवस्था और महाजनी शोषण ने आदिवासी समुदायों के जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। उनके पारंपरिक अधिकारों और सामुदायिक व्यवस्था पर संकट उत्पन्न हुआ। परिणामस्वरूप, विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासी समुदायों ने संगठित होकर प्रतिरोध किया।
पूर्वी सिंहभूम के धालभूम क्षेत्र में ढाल विद्रोह का आगाज करने वाले जगन्नाथ ढाल के नेतृत्व को भुलाना आसान नहीं होगा। जंगलमहल क्षेत्र के भूमिज, जिन्हें चुआड़ कहा जाता था, उनके बीच गंगा नारायण, श्याम गंजम आदि नायकों ने चुआड़ विद्रोह के जरिए अपने आत्मसम्मान की रक्षा की। इन नायकों को इतिहास के सुनहरे पन्नों में स्थान देना होगा। चेरो विद्रोह एवं भोक्ता विद्रोह में चित्रजीत राय, गोपाल राय और भुखन सिंह चेरो जैसे गुमनाम नायकों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। घटवाल विद्रोह के नायक राजा पारसनाथ सिंह की बहादुरी उन्हें विशिष्ट श्रेणी में खड़ा करती है।
तिलका आंदोलन के प्रणेता तिलका मांझी उर्फ जबरा पहाड़िया के जनांदोलन ने पहाड़िया समुदाय को संगठित किया तथा भूमि और स्वायत्तता की रक्षा के लिए प्रतिरोध का मार्ग अपनाया। इसलिए वे औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध आदिवासी चेतना के अग्रदूत माने जाते हैं।

तमाड़ विद्रोह के विष्णु मानकी और मौजी मानकी का संघर्ष हो अथवा मुंडा विद्रोह में दुलाई मुंडा, रामशाही मुंडा और ठाकुरदास मुंडा का नेतृत्व, इन आंदोलनों के माध्यम से बंदोबस्ती व्यवस्था के खिलाफ ऐसा बिगुल फूंका गया, जिससे अंग्रेजी राज की नींव हिल उठी।
पंचपरगना क्षेत्र में जमींदारी व्यवस्था के विरुद्ध यह लड़ाई इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय है, जिसे सुनहरे पन्नों में अंकित किया जाना चाहिए। झारखंड में 1857 की व्यापक क्रांति से ढाई दशक पूर्व तीन महत्वपूर्ण क्रांतियां हुईं—कोल विद्रोह, भूमिज विद्रोह और संताल विद्रोह। इन तीनों में कोल विद्रोह अत्यंत भीषण और व्यापक था। वीर बुधु भगत ने कोल विद्रोह के जरिए स्वायत्तता एवं निजता की रक्षा की। उनका संघर्ष छोटानागपुर क्षेत्र और उसके आसपास औपनिवेशिक हस्तक्षेप तथा शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध सामूहिक प्रतिरोध का प्रतीक बन गया।
इसी क्रम में तेलंगा खड़िया ऐसे गुमनाम नायकों में से एक हैं, जिन्होंने न केवल खड़िया समुदाय का नेतृत्व किया, बल्कि उनके संघर्ष को व्यापक सामाजिक चेतना, सामुदायिकता, स्वाभिमान और राजनीतिक प्रतिरोध के प्रतीक के रूप में भी देखा जा सकता है।
संताल हूल भारतीय इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना के रूप में दर्ज है। इस आंदोलन ने अंग्रेजी सत्ता, महाजनी सभ्यता, शोषण, जमींदारी अत्याचार और अन्याय के विरुद्ध व्यापक जनचेतना का निर्माण किया। इसे केवल विद्रोह नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के अस्तित्व, अधिकार और स्वशासन की घोषणा के रूप में भी देखा जा सकता है।
इस आंदोलन में सबसे पहले सिद्धो-कान्हू की चर्चा होती है, उसके बाद उनके भाइयों चांद-भैरव की। लेकिन फूलों-झानो के बिना इस आंदोलन की चर्चा अधूरी रहेगी। दोनों बहनें अपने भाइयों की तरह ही साहसी और बहादुर थीं। इनका योगदान इस तथ्य को स्थापित करता है कि आदिवासी इतिहास में महिलाएं केवल संघर्ष की सहभागी नहीं, बल्कि प्रतिरोध की सक्रिय शक्ति भी रही हैं। समय-समय पर उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता का भी बखूबी परिचय दिया है। भारतीय इतिहास-लेखन में इन दोनों वीरांगनाओं को अपेक्षित स्थान न मिलना हमारी सामूहिक स्मृति की एक बड़ी कमी को दर्शाता है।
सरदारी आंदोलन एवं खरवारी आंदोलन जैसे भूमि आंदोलनों ने बिरसा आंदोलन की नींव मजबूत की। उलगुलान के नाम से प्रसिद्ध बिरसा आंदोलन का नेतृत्व हालांकि बिरसा मुंडा ने किया, लेकिन उलगुलान केवल एक व्यक्ति का आंदोलन नहीं था, बल्कि भूमि अधिकार, सांस्कृतिक अस्मिता, स्वशासन, मानव सभ्यता, जीवन पद्धति और समाज सुधार के लिए किया गया एक व्यापक सामुदायिक संघर्ष था। इस यात्रा में कई गुमनाम नायकों की भूमिका अहम रही। विशेषकर गया मुंडा, सुगना मुंडा, कदमी मुंडा एवं कोंता मुंडा का सहयोग और आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना उनकी सक्रियता एवं समर्पण का उदाहरण है।

टाना भगत आंदोलन के नेतृत्वकर्ता जतरा उरांव के योगदान का भी सही मूल्यांकन नहीं हो पाया है। उन्होंने अपने सामाजिक और धार्मिक जागरण के जरिए अहिंसात्मक आत्मानुशासन, नैतिकता और सामुदायिकता को महत्व दिया। आगे चलकर गांधीजी का अहिंसा आंदोलन इसी की अगली कड़ी के रूप में देखा जा सकता है। इसी आधार पर गांधीजी राष्ट्रपिता कहलाए और जतरा उरांव की पहचान धूमिल होती चली गई। साथ ही, जतरा उरांव के अनुयायी भी गांधीजी के अनुयायी कहलाने लगे।
आदिवासी संघर्ष की यह परंपरा झारखंड तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश के विभिन्न प्रांतों में अनेक आदिवासी नायक-नायिकाओं ने अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। इनमें मणिपुर की रानी गोदिन्ल्यु, मध्य प्रदेश के तात्यां भील, छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह, ओडिशा के लक्ष्मण नायक, मेघालय के तिरोत सिंह और केरल के थालक्कल चंदू जैसे व्यक्तित्वों एवं महान विभूतियों का योगदान भी भारतीय इतिहास के महत्वपूर्ण अध्याय हैं। यह विचारणीय प्रश्न है कि इतने व्यापक संघर्ष और बलिदान के बावजूद ये नायक-नायिकाएं इतिहास के गुमनाम अंधेरों में क्यों हैं? इन्हें अपेक्षित स्थान क्यों नहीं मिल सका? यह एक बड़ा सवाल है!
आज आवश्यकता इस बात की है कि इतिहास की पुस्तकों के पन्नों को केवल परिचित नामों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन अनगिनत चेहरों को भी सामने लाया जाए, जिन्होंने बिना किसी सत्ता, संसाधन और संस्थागत संरक्षण के अपने समुदाय तथा देश की अस्मिता के लिए संघर्ष किया। उनकी स्मृतियां आज भी गांवों की लोकगाथाओं, पर्व-त्योहारों, गीतों और सामुदायिक आख्यानों में जीवित हैं।
यह विडंबना ही है कि जिन आदिवासी समुदायों ने देश की स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व अर्पित किया, उनकी अनेक विभूतियां आज भी नई पीढ़ी के लिए अपरिचित हैं। इतिहास की यह रिक्तता केवल पाठ्यक्रम की कमी नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक स्मृति की भी कमी है। हमें यह स्वीकार करना होगा कि बिरसा मुंडा के साथ गया मुंडा को, सिद्धो-कान्हू के साथ चांद-भैरव को और संताल हूल के साथ फूलों-झानो को भी इतिहास के केंद्र में स्थान देना होगा।
तिलका मांझी, तेलंगा खड़िया, बुधु भगत, नीलांबर-पीतांबर, जतरा उरांव और लक्ष्मण नायक जैसे व्यक्तित्वों को केवल स्मृति दिवसों और प्रतिमाओं तक सीमित रखना उनके ऐतिहासिक योगदान के साथ न्याय नहीं होगा। इतिहास का वास्तविक गौरव तभी स्थापित होगा, जब उसकी मुख्यधारा में उन सभी स्वरों को स्थान मिलेगा, जिन्हें लंबे समय तक हाशिए पर रखा गया।
आदिवासी नायक-नायिकाओं को पाठ्यक्रम में शामिल करना कोई अनुग्रह नहीं, बल्कि उनके ऐतिहासिक योगदान की स्वीकृति और नई पीढ़ी के प्रति हमारी शैक्षणिक जिम्मेदारी भी है। क्योंकि जिस इतिहास में समाज के संघर्षशील और उपेक्षित समुदायों की आवाज नहीं होती, वह इतिहास कभी संपूर्ण नहीं हो सकता। वह इतिहास अधूरा ही रह जाता है।
(लेखक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग के अध्यक्ष हैं। लेख में व्यक्त विचार लेखक के निजी हैं।)
















