रामगढ़/रांची
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) के 69वें शहादत दिवस समारोह में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जिस तरह संघर्ष के बल पर अलग झारखंड राज्य हासिल किया गया, उसी तरह राज्य के लोग अपने अधिकारों के लिए भी लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि संसाधन जुटाने के रास्ते में बाधाएं और भेदभाव पैदा किए जा रहे हैं, लेकिन सरकार इससे पीछे हटने वाली नहीं है।
मुख्यमंत्री ने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने रामगढ़ जिले में करीब 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया तथा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।
शहादत की विरासत और आदिवासी-मूलवासी स्वाभिमान
समारोह को संबोधित करते हुए हेमन्त सोरेन ने कहा कि शहीद सोबरन मांझी की शहादत की स्मृति को ऐतिहासिक स्वरूप देने और जन-जन तक पहुंचाने का काम आदिवासी-मूलवासी समाज से उभरे दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने किया। सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ जिस संघर्ष की आवाज को दबाने की कोशिश हुई थी, वह शिबू सोरेन के नेतृत्व में फिर जीवंत हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती ताकतों के सामने अपनी बात रखने तक से डरते थे, लेकिन आज वे निडर होकर अपने अधिकारों की बात करते हैं और स्वाभिमान के साथ जीवन जीते हैं। उन्होंने इसका श्रेय शहीद सोबरन मांझी की शहादत को दिया।

हेमन्त सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और सोबरन मांझी जैसे जननायकों के संघर्ष को अलग झारखंड राज्य के निर्माण की प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, छोटानागपुर और संथाल परगना में अत्याचार के खिलाफ उठी छोटी-छोटी आवाजें आगे चलकर अलग राज्य के आंदोलन में बदल गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी आदिवासी-मूलवासी समाज की क्षमता पर सवाल उठाए जाते थे और कहा जाता था कि कम पढ़े-लिखे लोग अलग राज्य कैसे चला पाएंगे। आज उन्हीं शहीद परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान राज्य को संवारने का काम कर रहा है।
50 लाख महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये
महिला सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले चरण में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की करीब 50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की सम्मान राशि दे रही है। उन्होंने दावा किया कि देश के किसी अन्य राज्य में ऐसी योजना नहीं चल रही है।

और उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य माताओं और बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे स्वयं गरीबी से बाहर निकल सकें और अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों, दूरदराज के इलाकों और शहरों में रहने वाले लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा
हेमन्त सोरेन ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने में सरकार को कई बाधाओं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के राजस्व स्रोतों को बंद करने की कोशिशों के बावजूद सरकार पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने कहा, “जिस तरह हमने लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब झारखंड ऐसा राज्य नहीं है, जहां बाहर से आकर कोई उसका शोषण कर सके। सरकार सबसे पहले राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस बार शहादत दिवस समारोह सादगी से आयोजित किया गया है, लेकिन आने वाले वर्षों में इसे और भव्य तथा उत्साहपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा।
















