नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली स्थित हयात रीजेंसी में आयोजित ‘ब्रिक्स सीसीआई वीई (BRICS CCI WE) एनुअल वुमेन समिट एंड फेलिसिटेशन 2026’ में गांडेय विधायक अवं झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी, कल्पना सोरेन को प्रतिष्ठित ‘वुमेन एम्पावरमेंट ट्रेलब्लेज़र्स अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला सशक्तिकरण वर्टिकल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद कल्पना सोरेन ने इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह झारखंड की हर “मंईयाँ” और देश-दुनिया की उन अनगिनत महिलाओं का सम्मान है, जो अपने परिवार, समुदाय और अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा, “आज महिलाएं व्यापार, खेल, अंतरिक्ष, विज्ञान, नवाचार और शासन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में बाधाओं को पार कर मुकाम हासिल कर रही हैं। वे केवल विकास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि उसे गति देने वाली शक्ति हैं।”
उन्होंने विशेष रूप से हाशिए पर रहने वाले समुदायों की महिलाओं की आवाज को सुनने और उन्हें अवसरों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में महिलाओं को केवल लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि उद्यमी और बदलाव की नायिका के रूप में देखा जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमों के माध्यम से महिलाओं में आर्थिक आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास बढ़ा है, जो राज्य के विकास की नई दिशा तय कर रहा है।

अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने हालिया लंदन यात्रा का अनुभव साझा करते हुए बताया कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ रही झारखंड की छात्राओं का जुनून और संघर्ष उन्हें भविष्य के प्रति आशा से भर देता है। उन्होंने कहा कि सशक्तिकरण केवल समावेश तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें निष्पक्षता भी सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि हर महिला को आगे बढ़ने और नेतृत्व करने का समान अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हस्तियां शामिल हुईं। इनमें पूर्व विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, एनआईसी के महानिदेशक और अतिरिक्त सचिव अभिषेक सिंह, पूर्व बीआरआईसीएस शेरपा और भारत सरकार के सचिव संजय भट्टाचार्य, कोयला मंत्रालय की संयुक्त सचिव डॉ. रूपिंदर बरार, अभिनेत्री शबाना आज़मी, अभिनेत्री और उद्यमी भूमि पेडनेकर, ब्रिक्स महिला बिजनेस अलायंस (दक्षिण अफ्रीका) की राष्ट्रीय अध्यक्ष लेबोगैंग जुलु, शिक्षाविद् डॉ. अमिता चौहान, सेब्रा नेशनल की निदेशक मार्गरेट कोएल्हो और ब्रिक्स सीसीआई के उपाध्यक्ष समीर शास्त्री सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और वैश्विक नेतृत्व में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर व्यापक चर्चा हुई, जिसमें भारत सहित ब्रिक्स देशों के अनुभवों और पहलों को साझा किया गया।














